27/08/2024
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के गिरीपार क्षेत्र की शिवा पंचायत के भरली गांव का 25 वर्षीय वीर सपूत आशीष कुमार देश की सेवा में शहीद हो गया। मां संतरो देवी जो बेटे के सिर पर सेहरा बांधने के सपने देख रही थी उनका यह सपना टूट गया। जब उन्हें बेटे की शहादत की सूचना मिली तो आशीष ने मंगलवार को अरुणाचल प्रदेश में ‘ऑपरेशन अलर्ट’ के दौरान अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए अपनी जान देश के लिए कुर्बान कर दी। आशीष की शहादत से जुड़वां भाइयों की जोड़ी भी टूट गई है। शहीद का जुड़वां भाई रोहित एक निजी कंपनी में सेवारत है।
शहीद आशीष कुमार
ग्रेनेडियर आशीष कुमार का जन्म 14 मार्च 1999 को हुआ था और वे वर्तमान में 19 ग्रेनेडियर यूनिट में सेवारत थे। करीब 6 साल पहले आशीष सेना में भर्ती हुआ था। शहीद आशीष के पिता स्वर्गीय श्याम सिंह का पहले ही निधन हो चुका है और अब परिवार में उनकी मां, बड़े भाई राहुल व जुड़वां भाई रोहित है व बहन पूजा हैं। बहन पूजा इलाके के जंगलों की रक्षा बतौर वनरक्षक है।
----------
शहीद आशीष की पार्थिव देह वीरवार शाम तक उनके पैतृक गांव पहुंचने की संभावना है। बताया जा रहा है कि पार्थिव शरीर को बुधवार शाम तक दिल्ली तक हवाई मार्ग से लाया जा सकता है, जिसके बाद वीरवार सुबह सैन्य सम्मान के साथ पार्थिव देह को पैतृक गांव के लिए रवाना किया जाएगा।
सैनिक कल्याण बोर्ड के उपनिदेशक मेजर दीपक धवन ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि 19 ग्रेनेडियर के कमांडिंग ऑफिसर से संपर्क में हैं ताकि शहीद की पार्थिव देह जल्द से जल्द उनके पैतृक गांव लाया जा सके।
यह भी उल्लेखनीय है कि हाल ही में राजगढ़ उपमंडल के अविवाहित सपूत प्रवीण शर्मा भी आतंकवादियों से लोहा लेते हुए वीरगति को प्राप्त हुए थे। सिरमौर के ये दोनों वीर सपूत हमेशा के लिए इतिहास के पन्नों में अमर हो गए हैं।