18/08/2025
भिवानी में शिक्षिका मनीषा हत्याकांड में हुआ सुसाइड लेटर हुआ वायरल
जांच के निष्कर्ष पर कोई भी आधिकारिक टिप्पणी या पुष्टि नहीं की है: एसपी भिवानी सुमित कुमार
हरियाणा: भिवानी की 19 वर्षीय शिक्षिका मनीषा हत्याकांड मामले में अब एक नया मोड़ सामने आया है। इस बहुचर्चित केस में सोशल मीडिया पर एक सुसाइड लेटर वायरल हो रहा है, जिसे मनीषा का बताया जा रहा है। हालांकि सत्यखबर इस लेटर की पुष्टि नहीं करता है। वहीं भिवानी के एसपी ने इसको लेकर किसी प्रकार की पुष्टि से इंकार किया है।
वायरल सुसाइड नोट में लिखा है कि सॉरी मम्मी पापा, मैं मेरी वजह से आप दोनों को प्रॉब्लम में नहीं देख सकती। आप दोनों ने मेरी खातिर बहुत कुछ किया और वैसे भी मेरे से सब दुखी थे। मैं सबकी बातें, जमाने की बातें, सोचती हूं और फिर भी दुखी हो रही हूँ। ना मैं गलत थी और ना मैंने कुछ गलत काम किया। बस मैं पेरेंट्स का ड्रीम पूरा करना चाहती थी। मैं एक नर्सिंग ऑफिसर बनकर मम्मी पापा का सपना पूरा करना चाहती थी। लेकिन मैं आप दोनों पर बोझ नहीं बन सकती। आई एम सॉरी मम्मी पापा, मैंने कभी आप दोनों को हर्ट किया हो तो और आप दुनिया के सबसे अच्छे माता-पिता हो। थैंक्यू, मुझे ये जिंदगी देने के लिए मम्मी और पापा। मैं आभारी हूं कि आपने मुझे एक राजकुमारी की तरह पाला। कोई हो तो प्लीज मेरे पेरेंट्स का ख्याल रखना।
वहीं भिवानी के एसपी सुमित कुमार ने संदेश जारी करके कहा कि वर्तमान में यह देखने में आया है कि ढाणी लक्षमण लोहारू निवासी मनीषा मामले में जिला पुलिस के द्वारा गहनता से जांच की जा रही है। इस मामले में अभी तक पुलिस के द्वारा मनीषा मामले से जुड़ी जांच व किसी निष्कर्ष पर कोई भी आधिकारिक टिप्पणी या पुष्टि नहीं की गई है। इसके बावजूद अनेक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, यूट्यूब व इंस्टाग्राम पर इनको संचालित करने वाले व्यक्ति स्वयं से बिना किसी आधिकारिक पुष्टि के झूठी खबरों का प्रकाशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी जांच पूरी होने तक बिना किसी आधिकारिक पुष्टि के झूठी खबरों का किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर न चलाएं न ही अन्य व्यक्ति उसे फारवर्ड करें ऐसा करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियम अनुसार कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
police